Telugu Conference 2026: रायपुर में 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस का आयोजन… CM विष्णुदेव साय हुए शामिल

Telugu Conference 2026: रायपुर में 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस का आयोजन… CM विष्णुदेव साय हुए शामिल

रायपुर, 22 नवम्बर। Telugu Conference 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के विकास में तेलुगु समाज के योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलुगु समाज ने व्यापार, शिक्षा और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता से प्रदेश में अलग पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज के बीच दशकों पुराना आत्मीय संबंध है। समाज के लोगों ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी सांस्कृतिक विविधता और विभिन्न भाषाओं एवं परंपराओं का संगम है।

आंध्रा एसोसिएशन के 50 साल के सफर की सराहना

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि पांच दशकों का यह सफर सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। एसोसिएशन ने समाज को एकजुट रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

भिलाई स्टील प्लांट में भी रहा योगदान

सीएम साय ने कहा कि तेलुगु समाज के लोग मेहनत, अनुशासन और उद्यमशीलता के लिए जाने जाते हैं। भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान में भी समाज के इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इससे प्रदेश के औद्योगिक विकास को मजबूती मिली है।

रायपुर-विशाखापत्तनम सड़क मार्ग से बढ़ेगा व्यापार

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच बेहतर सड़क संपर्क दोनों राज्यों के विकास की नई संभावनाएं खोलेगा। भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर से विशाखापत्तनम तक विकसित हो रहे सड़क मार्ग से आवागमन आसान होगा। इससे यात्रा का समय और दूरी कम होने के साथ माल परिवहन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सम्मेलन में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक नृत्य और संगीत के माध्यम से तेलुगु समाज की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

राज्य खबर