बिलासपुर, 10 सितम्बर। Youth Congress: छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में सियासी मुकाबला अब और दिलचस्प हो गया है। चुनाव कमेटी ने दोनों प्रमुख खेमों के मुख्य दावेदारों के खिलाफ दर्ज आपत्तियों को खारिज कर दिया है। इसके साथ ही दोनों उम्मीदवारों की उम्मीदवारी बहाल हो गई है।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अब कुल 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। हालांकि मैदान में 22 उम्मीदवार हैं, लेकिन राजनीतिक नजरें मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समर्थित खेमा और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव समर्थित गुट के बीच होने वाले मुकाबले पर टिकी हैं।
बिलासपुर प्रशिक्षण शिविर पर भी नजर
इसी बीच 10 सितंबर से बिलासपुर में शुरू हो रहा कांग्रेस का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर भी खास माना जा रहा है। शिविर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की मौजूदगी रहेगी।
प्रशिक्षण शिविर में बिलासपुर संभाग के 74 ब्लॉक अध्यक्ष शामिल होंगे। ऐसे में पार्टी के कई बड़े नेताओं के एक साथ बिलासपुर पहुंचने को युवा कांग्रेस चुनाव के सियासी समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
वहीं, बिलासपुर में देवेंद्र यादव के करीबी नेताओं के खिलाफ स्थानीय स्तर पर चल रही कथित लामबंदी ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है। दोनों खेमे अपने-अपने संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करने में जुटे हुए हैं।
ऑनलाइन वोटिंग से होगा फैसला
इस बार युवा कांग्रेस का चुनाव डिजिटल माध्यम से कराया जा रहा है। सत्यापित सदस्य मोबाइल ऐप के जरिए मतदान कर रहे हैं। सदस्य प्रदेश अध्यक्ष समेत छह अलग-अलग पदों के लिए वोट कर सकेंगे।
केंद्रीय नेतृत्व के कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन सदस्यता और मतदान की प्रक्रिया 29 सितंबर शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर दोनों प्रमुख खेमों के बीच सियासी खींचतान अभी कई दिनों तक जारी रहने की संभावना है।


