रायपुर, 22 नवम्बर। CG NewsToday: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी नेताओं से मुलाकात करने के साथ ही सेवा संवाद यात्रा और कीर्तन महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 10:45 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सुबह 11:45 बजे धरसींवा में आयोजित सेवा संवाद यात्रा में शामिल होंगे।
दोपहर 12:30 बजे वे धरसींवा से जशपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:20 बजे ग्राम पमशाला पहुंचकर कीर्तन महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान क्षेत्र को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम 5 बजे ग्राम बगिया स्थित अपने निज निवास पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।


