नई दिल्ली, 20 नवम्बर। India Religion Population: 2070 भारत की धार्मिक आबादी की संरचना आने वाले दशकों में बदल सकती है, लेकिन देश 2070 तक भी हिंदू बहुल बना रहेगा। प्यू रिसर्च सेंटर के एक नए अध्ययन में भारत की धार्मिक आबादी को लेकर अनुमान जारी किए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले वर्षों में हिंदुओं की आबादी का अनुपात थोड़ा कम हो सकता है, जबकि मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी में बढ़ोतरी का अनुमान है।
अध्ययन के अनुसार, साल 2020 में भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी करीब 79 प्रतिशत थी, जो 2070 तक घटकर 76 प्रतिशत रह सकती है। वहीं, मुस्लिम आबादी का अनुपात 15 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। इस अवधि में भारत में मुस्लिम आबादी करीब 33.4 करोड़ हो सकती है।
उम्र और प्रजनन दर में अंतर को बताया वजह
रिपोर्ट में इस बदलाव के पीछे दोनों समुदायों की औसत उम्र और प्रजनन दर में अंतर को प्रमुख वजह बताया गया है। आंकड़ों के अनुसार, 2020 में भारतीय मुसलमानों की औसत उम्र 24 साल थी, जबकि हिंदुओं की औसत उम्र 29 साल थी।
वहीं, 2025 से 2030 के बीच मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर 2.3 और हिंदू महिलाओं की 1.8 रहने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, अध्ययन में यह भी बताया गया है कि दोनों समुदायों के बीच प्रजनन दर का अंतर धीरे-धीरे कम हो रहा है।
2070 तक पाकिस्तान में सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी का अनुमान
प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमानों के मुताबिक, 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है। वहां मुस्लिम आबादी करीब 46.1 करोड़ पहुंचने का अनुमान है। वहीं, भारत लगभग 33.4 करोड़ मुस्लिम आबादी के साथ दूसरे स्थान पर रह सकता है।
जनगणना के पुराने आंकड़ों पर आधारित हैं अनुमान
रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि ये आंकड़े भविष्य की निश्चित स्थिति नहीं, बल्कि मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझानों पर आधारित अनुमान हैं। भारत की 2020 की धार्मिक आबादी का आकलन करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है।


